रायपुर
हसदेव अरण्य मामले पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि टीएस सिंहदेव चाहते है तो पेड़ क्या डंगाली तक नहीं कटेगा। गोली चलाने की नौबत नहीं आएगी और गोली चलाने वाले पर ही गोली चल जाएगी। उन्होंने कहा कि खदान आबंटन केंद्र सरकार का काम है, प्रदेश भाजपा को केंद्र सरकार के समक्ष विरोध जताना चाहिए। भाजपा की ओर से सवाल उठाना भी गलत है, ये भाजपा का दोहरा चरित्र हैं, विरोध दिल्ली में होना चाहिए।
उल्लेखनीय है कि स्वास्थ्य मंत्री टी.एस. सिंहदेव ने सोमवार को हसदेव अरण्य क्षेत्र के गांव में जाकर खदान आबंटन को लेकर पहले गोली खाने की बात कही थी। इस पर पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि गोली खाने की जरुरत नहीं, पद से इस्तीफा देकर ग्रामीणों के साथ लड़ाई लड़े। बिलासपुर में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि यदि कोई लंबे समय तक आंदोलन कर रहे है और सिंहदेव उस क्षेत्र के नेता है तो उनके सुख-दुख को जानना उनकी जिम्मेदारी हैं। यह उनकी जिम्मेदारी है कि वे उनकी बात को सरकार तक पहुंचाएं साथ ही कहा कि कोल ब्लॉक का आबंटन कांग्रेस की सरकार बनने के पहले केंद्र सरकार ने किया है।
















