ईंट भट्ठे पर सो रहे 4 वर्षीय बच्चे को ट्रैक्टर ने कुचला, मौके पर ही मौत

53

झज्जर
झज्जर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव सुहरा स्थित ईंट भट्ठे पर पेड़ की छांव में सो रहे करीब 4 वर्षीय बच्चे को एक ट्रैक्टर ने कुचल दिया। हादसा उस समय हुआ जब मंगलवार सुबह बच्चे के माता-पिता ईंट भट्ठे पर मजदूरी कर रहे थे और छोटे बेटे को उन्होंने पेड़ की छांव में सुलाया हुआ था। इसी दौरान चालक ने ट्रैक्टर को बैक (पीछे) करते हुए बच्चे के ऊपर टायर चढ़ा दिया। जिसके कारण मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। मृतक की पहचान बिहार के जिला नालंदा के गांव मेहुदीनगर निवासी करीब 4 वर्षीय सुजीत पुत्र रामनिवास के रूप में हुई है।

ईंट भट्ठे पर कर रहा था काम
बिहार के जिला नालंदा के गांव मेहुदीनगर निवासी रामनिवास ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह गांव सुहरा स्थित ईंट भट्ठे पर मजदूरी करने के लिए आया था। वह अपनी पत्नी के साथ मंगलवार को ईंट भट्ठे पर काम कर रहा था। वहीं उसका छोटा बेटा करीब 4 वर्षीय सुजीत को पेड़ की छांव में सुलाया हुआ था। इसी दौरान एक ईंट भट्ठे पर ट्रैक्टर आया। चालक ट्रैक्टर को लापरवाही से व तेज गति में चला रहा था।

उक्त ट्रैक्टर चालक ने ट्रैक्टर को अजीत के ऊपर चढ़ा दिया। ट्रैक्टर से कुचले जाने के कारण सुजीत की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक फरार हो गया। रामनिवास ने बताया कि उसको दो बच्चे हैं। बड़ा बेटा अजीत व छोटा बेटा सुजीत। वह करीब नौ माह पहले यहां पर मजदूरी करने के लिए आया था, ताकि अपने परिवार का पालन पोषण कर पाए। ट्रैक्टर द्वारा बच्चे को कुचलने के बाद घटनास्थल पर काफी संख्या में मजदूर एकत्रित हो गए। मजदूरों ने घटना पर रोष जताया। वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी राहुल देव सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा। स्थिति को नियंत्रण में लिया और एकत्रित हुए मजदूरों को समझाया। जिसके बाद पुलिस मृतक बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल में लेकर आई। जहां चिकित्सकों के बोर्ड द्वारा पोस्टमार्टम करवाया गया । जिसे प्रक्रिया के तहत स्वजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।