Uttarkashi Bus Accident: साटा में 8 अर्थियां, घर-घर पहुंचे सांसद शर्मा ने बंधाया धीरज

56

पन्ना
पन्ना जिले के साटा गांव में एक साथ उठी आठ अर्थियों ने आस-पास के ग्रामीणों को गमजदा कर दिया। इसमें से छह अर्थियां तो एक ही परिवार की थीं जिसने भी यह दृश्य देखा वह अपनी आँखों से आंसुओं का सैलाब न रोक सका। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और खजुराहो सांसद वीडी शर्मा इस गमगीन मौके पर जनता के बीच मौजूद रहकर उन्हें ढाढ़स बंधाते रहे। वे हर मृतक के परिजनों तक पहुंचे और शोक में सहभागी बने।  कई अर्थियों को कंधा देने का काम भी किया।

हादसे में जान गंवाने वालों में साटा की 82 साल की राजकुंवर सबसे बुजुर्ग यात्री थीं, जबकि 38 साल के राजकुमार सबसे युवा थे। मृतकों में 8 लोग सांटा के थे जिसमें एक ही परिवार के 6 लोग शामिल हैं। गांव के ही बृजेश द्विवेदी के पापा दिनेश और मां प्रभा, दादी, चाचा, चाची और एक अन्य चाचा के साथ तीर्थदर्शन को गए थे। हादसे में कोई भी नहीं बचा। तीर्थयात्री दो बसों में थे। जो बस आगे जा रही थी, वही खाई में गिरी। यात्रा में शामिल हुए कुल 9 दंपत्ति इस दुर्घटना में नहीं रहे। एक दंपत्ति बचा है। सभी मृतक पवई विधानसभा के 9 गांवों के रहने वाले थे। अब इन गांवों में सन्नाटा पसरा हुआ है। इसके पहले सांसद शर्मा कल सुबह उत्तराखंड पहुंचने के बाद देहरादून से भारतीय वायुसेना के विमान से यात्रियों की पार्थिव देह को खजुराहो एयरपोर्ट लेकर पहुंचे थे। उसके बाद रात में एंबुलेंस और शव वाहन के जरिये मृतकों की देह गांवों के लिए भेजी गई। सांसद शर्मा ने रात में ही कुछ गांवों में जाकर मृतकों के परिजनों को सांत्वना  दी थी।

चौतरफा मातम
साटा गांव में 8 लोगों के अलावा पवई और सिमरिया में दो-दो चिखला में एक मोहंद्रा में चार, कोनी कुवंरपुर और उड़वा में दो-दो के साथ ककरहटा में एक मृतक का अंतिम संसकार किया गया।

द्विवेदी परिवार के तीन जोड़ों का एक साथ अंतिम संस्कार
मंगलवार सुबह 8 बजे जैसे ही यहां के एक द्विवेदी परिवार के 6 लोगों की अर्थियां उठीं तो हर कोई आंसू बहाने लगा। पूरा परिवार सदमे में है। क्योंकि उनके घर के तीन जोड़ा चारधाम की यात्रा पर गए थे। जिनका एक साथ अंतिम संस्कार किया गया। पहली चिता में दिनेश प्रसाद द्विवेदी, पत्नी प्रभा द्विवेदी, दूसरी चिता में उनकी मां, तीसरी चिता में चचेरे भाई हरि नारायण द्विवेदी, उनकी पत्नी हरि बाई, चौथी चिता में भाई रूपनारायण का दाह संस्कार किया गया।

मुख्यमंत्री श्री @ChouhanShivraj और मंत्रीगण ने उत्तराखण्ड की बस दुर्घटना में असमय काल कवलित हुए श्रद्धालुओं को दो मिनट मौन रहकर श्रद्धांजलि अर्पित की। pic.twitter.com/KFqrO68h4p

— Office of Shivraj (@OfficeofSSC) June 7, 2022

मेरे मम्मी-पापा को बुला दो, प्लीज सुनकर हिल गए सागर आईजी-कमिश्नर
आइजी सागर रेंज अनुराग व संभागायुक्त मुकेश शुक्ला पीड़ित परिवारों से मिलने पवई विकासखंड के अंतर्गत बुद्ध सिंह साटा गांव पहुंचे। संभागायुक्त जब पीड़ित परिवार को सांत्वना दे रहे थे, तभी माता-पिता को खो चुकी एक महिला जोर-जोर से रोते हुए उनके पास पहुंची और कहने लगी कि मेरे मम्मीपापा को बुला दो, प्लीज। यह सुनकर वहां खड़े सभी लोगों की आंखें भर आईं। इस पर कमिश्नर और आइजी ने ढांढस बंधाते हुए उसे काफी समझाया कि शासन-प्रशासन उसके साथ है।