भोपाल
बरकतउल्ला विश्वविद्यालय पांच यूजी कोर्स में कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (सीयूईटी) से प्रवेश दिए जाएंगे। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) को देशभर से लाखों की संख्या में आवेदन मिले हैं, लेकिन बीयू के पांच कोर्स में प्रवेश लेने के लिए 12 हजार 344 विद्यार्थियों ने आवेदन किये हैं।
बीयू के सभी पीजी कोर्स में पूर्व की तरह मेरिट के आधार पर प्रवेश दिए जाएंगे। हालांकि बीयू ने अभी तक कोई कार्यक्रम जारी नहीं किया है। एनटीए देशभर के केंद्रीय और राज्य के विवि में सीयूईटी 2022 लेकर यूजी और पीजी कोर्स में प्रवेश देगा। इसके चलते प्रदेश के सभी 13 विवि में प्रवेश देने लिए सीयूईटी के फार्म विद्यार्थियों से जमा करा लिए गए हैं। विद्यार्थी फार्म जमा नहीं करेंगे, तो उन्हें विवि में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। एनटीए के सीयूईटी से बीयू के लिए 12 हजार 344 आवेदन मिले हैं।
कॉमर्स सबसे आगे
एनटीए से मिली जनकारी के मुताबिक गत वर्ष कॉमर्स विभाग में शुरू किये गये बीकाम आनर्स को सबसे ज्यादा तीन हजार 543 आवेदन मिले हैं। सबसे कम बैचलर आफ फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोटर्स एक हजार 544 को आवेदन मिले हैं। बीएएलएलबी सबसे ज्यादा डिमांड में बना हुआ है। इसके चलते दो हजार 607 विद्यार्थियों ने एनटीए को आवेदन दिये हैं।
जुलाई में होगी परीक्षा
एनटीए ने अभी तक एग्जाम की तिथि फाइनल नहीं की है, जिसके कारण विद्यार्थियों प्रवेश लेने के लिये उथल पुथल मची हुई है। जबकि प्रदेश के कॉलेजों में प्रवेश देने के लिए उच्च शिक्षा विभाग ने यूजी-पीजी की आॅनलाइन काउंसलिंग शुरू कर दी है। इसके तहत आज यूजी और कल पीजी के अलाटमेंट जारी किए जाएंगे। जानकारी के मुताबिक एनटीए जुलाई के प्रथम और द्वितीय परीक्षा करा सकता है।
कराया जा रहा सीयूईटी
देश के दो विवि काफी चर्चाओं में रहते हैं। वहां की छात्र राजनीति पूरे देश के विवि छात्र राजनीति को गर्मा देती है। इसलिये यूजीसी ने विद्यार्थियों की मनमर्जी पर अंकुश लगाने के लिये देश के सभी विवि के अलावा दिल्ली विश्वविद्यालय और जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में भी सीयूसीईटी से प्रवेश कराने की व्यवस्था की है।
60 फीसदी बाहरी एप्लीकेशन
एनटीए को बीयू के 12 हजार 344 आवेदन मिले हैं। इसमें से 60 फीसदी एप्लीकेशन बाहरी राज्यों के विद्यार्थियों द्वारा जमा किये गये हैं। शेष चालीस फीसदी आवेदनों में से 70 फीसदी आवेदन भोपाल के मूल निवासियों द्वारा जमा कराए गए हैं। शेष फार्म भोपाल से गले जिलों के हैं। इसमें कुछ आवेदन जबलपुर, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन और सागर से भी जमा हुये हैं। आवेदनों की स्क्रूटनी करने के बाद एनटीए विद्यार्थियों के प्रवेश पत्र जारी करेगा। इसके बाद उनकी परीक्षा तिथि निर्धारित कर एग्जाम लिया जाएगा।
इसमें मिली मेरिट के बाद बीयू प्रशासन काउंसलिंग कर प्रवेश देगा।
















