विराट कोहली बने मेंटॉर, एजबेस्टन में जमकर की जसप्रीत बुमराह की मदद

47

 नई दिल्ली
 
बर्मिंघम के एजबेस्टन में भारत और इंग्लैंड के बीच टेस्ट सीरीज का आखिरी मुकाबला खेला जा रहा है। इस मैच में टीम इंडिया के कप्तान जसप्रीत बुमराह हैं, जो कि किसी भी इंटरनेशनल मैच में पहली बार कप्तानी कर रहे हैं। इसी मैच में बुमराह को पूर्व कप्तान विराट कोहली से खूब साथ मिल रहा है। विराट कोहली एक मेंटॉर की भूमिका में नजर आ रहे हैं, जो बुमराह को कप्तानी के गुण सिखाते नजर आए।

दरअसल, एजबेस्टन टेस्ट मैच में जसप्रीत बुमराह फील्ड के तौर पर थोड़ा संघर्ष कर रहे थे। ऐसे में पूर्व कप्तान विराट कोहली आगे आए और उन्होंने फील्डिंग सेट करते हुए बुमराह से बात की। कुछ खिलाड़ियों को इधर से उधर किया और कुछ खिलाड़ियों की थोड़ी सी फील्डिंग प्लेसमेंट में बदलाव किया। ये देखकर सभी को अच्छा लगा, क्योंकि विराट कोहली की अब ये जिम्मेदारी बन गई है।

बता दें कि विराट कोहली ने इसी साल की शुरुआत में टेस्ट कप्तानी से इस्तीफा दे दिया था। उससे पहले उन्होंने टी20 क्रिकेट की कप्तानी छोड़ दी थी और बीसीसीआई ने वनडे टीम की कप्तानी उनसे छीन ली थी। अब विराट कोहली सिर्फ एक बल्लेबाज के रूप में टीम का हिस्सा हैं, लेकिन टेस्ट क्रिकेट में भारत के सबसे सफल कप्तान के पास काफी अनुभव है, जिसका फायदा टीम को उनकी मेंटॉरशिप के जरिए मिल रहा है।
 
मुकाबले की बात करें तो टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पहली पारी में ऋषभ पंत और रविंद्र जडेजा के शतकों के दम पर 416 रन बनाए थे। वहीं, इसके जवाब में इंग्लैंड की टीम ने पहली पारी में 27 ओवर में 5 विकेट खोकर 84 रन बना लिए हैं। जॉनी बेयरेस्टो और बेन स्टोक्स क्रीज पर हैं। भारत के लिए सीरीज जीतने के लिए ये अच्छी बात है कि मेजबान टीम पहली पारी में काफी पिछड़ सकती है।