राजस्‍व परिषद के पूर्व निजी सचिव विवेकानंद डोबरियाल के घर कुर्की का नोटिस चस्‍पा, पुलिस ने डुगडुगी पिटवाई

 लखनऊ
 
राजस्व परिषद के पूर्व निजी सचिव विवेकानंद डोबरियाल के लखनऊ के खुर्रमनगर स्थित घर पर बुधवार दोपहर को कुर्की की नोटिस चस्पा कर दी गई। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने यह कार्रवाई की। इससे पहले पुलिस ने डुगडुगी पिटवाई। माइक से भी बोला कि विवेकानंद डोबरियाल पर एक लाख रुपये का इनाम है। वह फरार चल रहा है। लिहाजा उसकी सम्पत्ति कुर्क की जायेगी। डोबरियाल के खिलाफ चार मई को कैसरबाग कोतवाली में एफआईआर दर्ज करायी गई थी। वह तब से फरार चल रहा है।

कुर्की की नोटिस चस्पा होने के बाद भी न्यायालय में उपस्थित नहीं होने के आरोपी में डोबरियाल के खिलाफ एक और मुकदमा दर्ज किया गया है। डोबरियाल की तलाश में कैसरबाग कोतवाली की चार टीमें और एसटीएफ की दो टीमें लगी हुई है। पर, उसका नेटवर्क पुलिस के सर्विलांस पर भारी पड़ रहा है। काफी प्रयास के बाद भी पुलिस उसे अभी तक नहीं पकड़ सकी है। इस पर ही पुलिस ने उसकी सम्पत्ति कुर्क करने के लिये कोर्ट में अर्जी दी थी। कोर्ट के आदेश मिलने पर कैसरबाग कोतवाली के अतिरिक्त इंस्पेक्टर सुधाकर सिंह अपनी टीम के साथ बुधवार दोपहर करीब 12 बजे खुर्रमनगर स्थित अशोक विहार में विवेकानंद डोबरियाल के घर पहुंचे। यहां कुर्की की नोटिस चस्पा कर दी गई। एडीसीपी पश्चिमी चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया कि 30 दिन में अगर डोबरियाल ने समर्पण नहीं किया तो उसे भगोड़ा घोषित कर दिया जायेगा।

जमीनों की खरीद में फर्जीवाड़ा किया
डोबरियाल के खिलाफ जांच में यह भी सामने आया कि उसने तहसील कर्मचारियों से मिलीभगत कर जमीनों की खरीदफरोख्त में काफी फर्जीवाड़ा किया। इसके अलावा अपने पद का दुरुपयोग करने और ट्रांसफर पोस्टिंग के नाम पर वसूली करने का भी आरोप डोबरियाल पर लगा है। पुलिस की जांच में एक पूर्व कानूनगो का भी नाम सामने आया है। उसकी भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। इस मामले में पूर्व कानूनगो के रिश्तेदार आशीष समेत तीन लोगों पर एफआईआर दर्ज हुई है। डीसीपी सोमेन वर्मा ने बताया कि डोबरियाल के कई करीबियों के बारे में भी पता लगाया गया है। ये लोग उसे शरण देने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।

20 करोड़ की सम्पत्ति मिली डोबरियाल की
एसीपी कैसरबाग योगेश कुमार ने बताया कि डोबरियाल की लखनऊ और नोएडा में 20 करोड़ रुपये से अधिक की सम्पत्ति ढूंढ़ी जा चुकी है। इसके अलावा भी कई सम्पत्तियां पता चली है। इनके करीबियों को दिल्ली में हिरासत में लेकर पूछताछ की गई थी। उस समय भी डोबरियाल की कई सम्पत्तियां रिश्तेदारों के नाम होने की बात पता चली थी। इस बारे में पड़ताल हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *